क्षेत्र के तुलसी गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को पानी के डिब्बे लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग सात पर प्रदर्शन किया। बाल्टी और डिब्बा लेकर प्रदर्शन करने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। सड़क से गुजर रहे प्रभारी जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने ग्रामीणों के बीच पहुंच कर पेयजल समस्या का हाल सुना। ग्रामीणों की मांग पर मौके पर ही एक टैंकर से जलापूर्ति करने का निर्देश दिया। घोषणा के बाद ग्र्रामीणों का प्रदर्शन समाप्त हुआ।
लालगंज के तुलसी गांव के ग्रामीणों ने पेयजल समस्या से अजीज आकर मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग सात पर प्रदर्शन किया। ग्रामीण राजकुमारी, संगीता, पगली देवी, पारसनाथ आदि ने कहा कि गांव में लगभग 25 सौ की आबादी है। गांव में लगे अधिकतर हैंडपंप जवाब दे चुके हैं। खंड विकास अधिकारी और प्रधान द्वारा पेयजल समस्या के निराकरण के लिए समुचित व्यवस्था नहीं किया गया है। जिससे ग्रामीणों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
तहसील दिवस से लौटते समय प्रभारी जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से वार्ता किया। ग्रामीणों को पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया तथा तत्काल टैंकर से पानी आपूर्ति कराया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पेयजल समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। पेयजल आपूर्ति में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान रामलखन, सूरज, रामपति, संतोष यादव, कन्हैया लाल, शिवशंकर दूबे, राजेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।