नगर पालिका परिषद के घंटाघर स्थित कार्यालय पर संविदा कर्मचारियों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। संविदा कर्मी चयन नहीं होने के कारण आक्रोशित थे। संविदा कर्मियों का कहना था कि इस संबंध में न्यायालय ने आदेश भी दिया गया है पर नियुक्ति नहीं की जा रही है।
स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष पप्पू लाल ने कहा कि अधिशासी अधिकारी द्वारा आदेश के बावजूद संविदाकर्मियों की नियुक्ति नहीं कर रहे हैं, जबकि अधिशासी अधिकारी ने विगत दिनों संविदा कर्मचारियों को आश्वासन दिया था कि एक जनवरी तक संविदा कर्मचारियों के नियुक्ति की सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली जाएंगी।
प्रदर्शन के दौरान अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने अध्यक्ष पप्पू लाल सहित संविदा कर्मचारियों से वार्ता किया। उन्होंने संविदाकर्मियों को बताया कि लखनऊ हाईकोर्ट ने संविदा कर्मियों की नियुक्ति पर रोक लगा दिया है। जिसके कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही है। लखनऊ हाईकोर्ट द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया से रोक हटते ही कार्रवाई शुरु कर दी जाएगी। प्रदर्शन करने वालो में लड्डन, सुनीता, मीना, अलीजान, शंकर, आनंद, अश्वनी, रजनीश, मंगल, तारा, मुन्नी, अजय आदि मौजूद रहे।