मिर्जापुर। त्योहारों के मौसम को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। अब खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की सचल खाद्य प्रयोगशाला मौके पर ही जाकर खाद्य सर्विलांस जांच करेगी। साथ ही खाद्य कारोबारियों में व आम नागरिकों में जागरूकता फैलाने का भी काम करेगी। यह अभियान जिले में 14 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगा।
इस समय बरसात का मौसम चल रहा है। साथ ही त्यौहारों का मौसम भी शुरू हो गया है। इसलिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर प्रदेश में एफएस डब्लू (फूड सेफ्टी आन व्हील) एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को इसके लिए तैयार किया गया है। अब खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को सैंपल भरकर जांच के लिए लखनऊ भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मौके पर ही सैंपलिंग होगी और मौके पर ही जांच होकर रिपोर्ट मिल जाएगी। इससे कार्रवाई करने में भी टीम को सुविधा होगी। इसके लिए 14 अगस्त को डीएम अनुराग पटेल हरी झंडी दिखाकर इस टीम को रवाना करेंगे। यह अभियान अभिहीत अधिकारी अभय कुमार सिंह के निर्देशन में होगा। इसके लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। यह टीम पूरे जिले में जाकर मौके पर ही जांच करेगी।