देशभक्ति के गीतों को गाकर आजादी का अमृत महोत्सव मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। सत्यानगंज स्थित भाजपा कार्यालय में काफी संख्या में जुटे युवाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करा कराई। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से की गई। इसके बाद तिरंगा यात्रा निकाली गई।
आजादी के अमृत महोत्सव में शामिल तिरंगा यात्रा का नेतृत्व मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने किया। भाजपा नगर अध्यक्ष महेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में युवाओं का हुजूम नगर भ्रमण के लिए उमड़ पड़ा। यात्रा के दौरान भारत माता की मनोरम झांकी पर घर की महिलाओं तथा रास्ते में लोगों ने पुष्प वर्षा की। तिरंगा यात्रा का आकर्षण भारत के योद्धाओं तथा सेना के वीर जवानों की झांकी बनी रही। तिरंगा यात्रा सत्यानगंज, नई बाजार, चौक, तकिया, खरंजा, गोला कन्हैयालाल, गोला पांडेय से होते हुए पार्टी कार्यालय पहुंची। जहां राष्ट्रगीत गाकर तिरंगा यात्रा का समापन किया गया। इस दौरान नगर अध्यक्ष महेंद्र सिंह, पारस नाथ अग्रहरि, जय किशन जायसवाल, उमेश केसरी, संतोष सिंह, अरुण कुमार, नागेंद्र सिंह, आनंद कुमार, आशीष कुमार, कृष्ण कुमार तिवारी, मनोज कुमार, वेद प्रकाश आदि मौजूद रहे।