मिर्जापुर। देहात कोतवाली पुलिस ने रविवार की शाम का पहाड़ी के स से बाइक चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के सरगना समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी की 11 बाइक बरामद की गई। यह जानकारी सीओ सदर शैलेंद्र त्रिपाठी ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि रविवार की शाम देहात कोतवाल बृजेश सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण पर थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लंका पहाड़ी की ओर से बाइक चोरी करने वाले गिरोह के लोग जाने वाले हैं। पुलिस ने घेरेबंदी कर उधम सिंह उर्फ डब्बू निवासी दामोदरपुर थाना कछवां, नैतिक कन्नौजिया निवासी इटकौली थाना गोसाईगंज जनपद सुल्तानपुर, सौरभ पटेल निवासी रखौना थाना मिर्जामुराद जनपद वाराणसी, दीपक निवासी रामपुर बसौरा बाजार थाना मोतीगरपुर जनपद सुल्तानपुर और अमित प्रकाश सिंह निवासी बहाउद्दीनपुर थाना गोसाईगंज जनपद सुल्तानपुर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए लोगों के पास से चोरी की पांच बाइक, एक मास्टर चाबी, पांच मोबाइल फोन बरामद हुए। उधम सिंह और नैतिक कन्नौजिया के पास से एक-एक तमंचा और कारतूस बरामद किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर बिक्री के लिए इकट्ठा कर रखी चोरी की छह और बाइक बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि गिरोह का सरगना उधम सिंह व नैतिक कन्नौजिया ने पूछताछ में बताया कि वे मिलकर वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर, प्रयागराज, सुल्तानपुर व आसपास के जनपदों में मौका देखकर मास्टर चाबी की मदद से बाइक चोरी करते हैं। साथ में अपनी सुरक्षा के लिए तमंचा भी रखते हैं। वाहनों की चोरी कर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर इंजन व चेचिस नंबर में आंशिक परिवर्तन कर देते हैं। इसके बाद अपने सहयोगी सौरभ पटेल, दीपक व अमित प्रकाश सिंह सहित अन्य के माध्यम से ग्राहकों की तलाश कर कम दाम पर बेचने का काम करते हैं। इससे अर्जित धनराशि से अपना व अपने परिवार का भरण पोषण तथा भौतिक सुख सुविधाओं का लाभ लेते हैं।