संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। जिगना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने हाइकोर्ट के जज जय कृष्ण उपाध्याय के घर समेत अन्य घरों में चोरी के आरोप में अंतरराज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डेढ़ लाख रुपये के गहने और बर्तन जब्त किए हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले पेचकस, पिलास और कटर भी जब्त किया है। आरोपियों की पहचान बिहार के रोहतास के अकोढ़ी गोला थाना क्षेत्र के विदेशी टोला निवासी सक्सेना खरवार, भभुआ के भगवानपुर थाना क्षेत्र के भैरोपुर निवासी रोहित, बंसी पासवान और आशीष खरवार और भोजपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के कुरान सरैया निवासी अभीष खरवार के रूप में हुई है।
सीओ लालगंज अमर बहादुर ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में जिगना, लालगंज और संतनगर थाना क्षेत्रों में चोरी की चार घटनाओं में अपनी संलीप्तता कबूली है। जिगना के बहुतीमय चकचौरा निवासी रविशंकर पाठक ने 16 अक्तूबर को घर में घुसकर गहने चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 18 अक्तूबर को खैरा निवासी हाइकोर्ट प्रयागराज के न्यायाधीश जय कृष्ण उपाध्याय के भाई रामशंकर उपाध्याय ने घर से आभूषण और नकदी चोरी होने की शिकायत की थी। दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
एसपी के निर्देश पर लिए तीन टीमों का गठन किया था। सीओ लालगंज अमर बहादुर के नेतृत्व में जिगना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने पांचों को गिरफ्तार किया।