प्रधान और सदस्य ग्राम पंचायत पद के लिए सोमवार को नामांकन कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ। पहले दिन प्रधान पद के लिए 903 और सदस्य पद के लिए 773 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। कुल 1676 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। नामांकन के दौरान सुरक्षा के लिए ब्लाक परिसर में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे।
पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान और सदस्य पद के लिए सिटी, कोन, मझवां और सीखड़ में ब्लाकों पर नामांकन सोमवार से शुरू हुआ। नामांकन के लिए सिटी, कोन, मझवां और सीखड़ में न्याय पंचायतवार काउंटर पर एआरओ द्वारा नामांकन किया जा रहा है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर ब्लाकों पर बैरिकेटिंग की गई है। पहले चरण में 27 न्याय पंचायत के 206 ग्राम पंचायतों और 2706 सदस्यों के लिए चुनाव होंगे। पहले चरण में सिटी के दस न्याय पंचायतों के 87 ग्राम पंचायत और 1149 सदस्य, कोन के छह न्याय पंचायत के 44 ग्राम पंचायत और 564 सदस्य, मझवां के पांच न्याय पंचायत के 40 ग्राम पंचायत और 550 सदस्य और सीखड़ के छह न्याय पंचायत के 35 ग्राम पंचायत और 443 सदस्यों के लिए चुनाव प्रक्रिया सोमवार से शुरू हुई।
विकास खंड सिटी में आरओ कैफ सिद्दीकी के निर्देशन में ग्राम प्रधान और सदस्य पद के लिए सोमवार को नामांकन हुआ। पहले दिन ग्राम प्रधान के लिए 440 और सदस्य के लिए 322 सहित 762 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। सीखड़ संवाददाता के अनुसार आरओ एसके सिंह के निर्देशन में छह काउंटरों पर नामांकन हुआ। उन्होंने बताया कि पहले दिन प्रधान के लिए 108 और सदस्य के लिए 47 लोगों सहित 155 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। नामांकन के दौरान बीडीओ बालेश्वर प्रसाद, सीओ चुनार शैलेंद्र सिंह, एसओ चुनार अभय सिंह आदि मौजूद रहे।
चील्ह संवाददाता के अनुसार कोन ब्लाक में नामांकन के लिए न्याय पंचायतवार छह काउंटर बनाए गए थे। जिनमें प्रधान के लिए तथा सदस्य के लिए लोगों ने नामांकन किया। कोन के आरओ नीरज अग्रवाल ने बताया कि प्रधान के लिए 189 तथा सदस्य के लिए 210 सहित 399 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। कछवां संवाददाता के अनुसार विकास खंड मझवां के आरओ राम प्रकाश राना के निर्देशन में प्रधान और सदस्य के लिए नामांकन हुआ। जिसमें प्रधान पद के लिए 166 और सदस्य पद के लिए 194 सहित 360 उम्मीदवारों ने नामांकन किया।