देहात कोतवाली क्षेत्र के चितावनपुर गांव निवासी हाशिम खान के घर आयोजित कुरानख्वानी में शामिल होने आए समर्थकों द्वारा वर्तमान प्रधान फिरोजा खातून के पक्ष में नारेबाजी करने पर वर्तमान एवं पूर्व प्रधान और उनके परिवार के बीच चुनावी रंजिश को लेकर बुधवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे मारपीट हो गई। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव करते हुए फायरिंग कर दी।
करीब एक घंटे तक चले बवाल से गांव में अफरतफरी मच गई। सूचना पर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, सीओ सदर, देहात कोतवाल, शहर, कटरा तथा विंध्याचल थाने की फोर्स मौके पर पहुंची तब मामला शांत हुआ।
दोनों पक्षों से दस से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। मौके से एक असलहा, कारतूस, पांच बाइक, स्कार्पियो और अन्य वाहन
जब्त कर लिए गए। दोनों पक्षों की तहरीर पर 48 लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा-307 और बलवा का मुकदमा दर्ज किया गया है। 13 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है और अन्य की तलाश जारी है।
चितावनपुर गांव निवासी हाशिम खान ने बुधवार को घर पर कुरान ख्वानी रखी थी। इसमें 50 से अधिक लोग शामिल होने आए थे। इसमें वर्तमान प्रधान के पति परवेज खान भी शामिल थे।
नाश्ते के दौरान कुछ समर्थकों द्वारा वर्तमान प्रधान के पक्ष में नारेबाजी करने पर पूर्व प्रधान इरशाद के परिवारीजनों के बीच विवाद हो गया। लोगों ने दोनों पक्षों को समझा बुझा कर मामला शांत करा दिया।
कुछ देर बाद परवेज खान पंचायत भवन की चाभी पूर्व प्रधान से मांगने पहुंचे। जहां चाभी न देने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
देखते ही देखते ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। पहले पूर्व प्रधान के परिवारीजनों ने वर्तमान प्रधान के रिश्तेदारों के घर में घुसकर मारपीट की इसके बाद वर्तमान प्रधान के समर्थकों की अधिक संख्या होने पर लोगों ने पूर्व प्रधान के घर पर चढ़ कर मारपीट करते हुए पथराव शुरू कर दिया।
मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष एक दूसरे पर पथराव करते हुए फायरिंग करने लगे।