हलिया। मनिगढ़ा गांव में सोमवार को दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद हो गया। इसमें एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को पकड़कर तमंचे को जब्त कर लिया। सावित्री देवी पत्नी छोटेलाल ने तहरीर देकर बताया कि सुबह 10 बजे उनका पुत्र प्रमोद कुमार ट्रैक्टर से खेत जोतने के लिए गया था। इस दौरान दो पट्टीदार आए और जमीन को लेकर विवाद करने लगे। विपक्षियों ने फायरिंग भी की। गोली चलने के बाद अगल-बगल के लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित ने 112 पर फोन कर इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी टीम ने तमंचा को जब्त कर आरोपी को पकड़कर थाने ले गई। तहरीर लेकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रभारी थानाध्यक्ष मोती सिंह ने बताया कि आरोपी को पकड़कर मामले की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।