कलवारी के मकान में टूटकर कर गिरा बिजली का तार।
- फोटो : MIRZAPUR
कलवारी। मड़िहान थाना क्षेत्र के ग्रामसभा बैदौली के पुरवा बसहटिया गांव निवासी हरिश्चंद गिरी के मकान के ऊपर से गया 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार मंगलवार की रात टूटकर छत पर गिर पड़ा। तार टूटा तो आंगन में निकले लोहे की छड़ पर जा गिरा। तार गिरते ही तड़तड़ाहट की आवाज होने लगी। वहीं पूरे घर में बिजली फैल गई। गृह स्वामी की नींद खुली तो बिजली के झटके लगने लगे।
गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य तख्त पर सोए थे वरना किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता था। घर में लगे दरवाजे, चैनल सभी जलने लगे। आनन-फानन में जेई को फोन कर विद्युत सप्लाई बंद करवाई गई। तब जाकर परिवार के सदस्यों ने राहत की सांस ली। सुबह जब आसपास के लोग पहुंचे तो घर की दीवारें सुलग रहीं थी।विद्युत विभाग की घोर लापरवाही से पांच जिंदगी खतरे में थी। ग्रामीणों समेत परिजनों में छत के ऊपर से बिजली के तार नहीं हटाए जाने से आक्रोश है। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली सप्लाई नहीं रुकी होती तो बड़ी घटना हो सकती थी।