अहरौरा। क्षेत्र के घमहापुर में सोमवार की रात एक मकान में आग लग गई। गृहस्थी का सामान जल गया। घरवालों को बचा लिया गया। नगर के घमहापुर वार्ड में बीती रात गृहस्वामी अनिल सोनकर के मकान में लगभग एक बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। घर के कमरें से आग की लपटे उठता देख अनिल सोनकर घर से बाहर निकल कर शोर मचाना शुरू किया। इस दौरान पड़ोसियों की भीड़ जुट गई। तभी किसी ने इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।
अगलगी की घटना के चार घंटे व्यतीत होने के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। तब जाकर स्थानीय लोगों ने पंप चालू कर किसी तरह से आग पर काबू पाया। इस दौरान गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। मकान का काफी हिस्सा जलने की वजह से क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर आग बुझाने में शामिल लोगों ने शार्ट सर्किट से हादसे की संभावना जताई है। पीड़ित की माली हालत ठीक नहीं है। इस घटना की वजह से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलने पर लेखपाल मनोज मौके पर पहुंचे।