चिरईगांव। चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरा कला बाजार में शुक्रवार तड़के एक इलेक्ट्रिक दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान में रखे पांच लाख के विद्युत उपकरण जलकर नष्ट हो गए। ग्रामीणों और दमकल विभाग की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, इससे आसपास की दुकानें बच गईं। मिर्जापुर के चुनार निवासी कमलेश की गौरा कला बाजार में दयाल इलेक्ट्रिक स्टोर नाम से दुकान है। कमलेश बृहस्पतिवार शाम दुकान बंद कर रिश्तेदार के घर चले गए थे। सुबह पांच बजे कटरा मालिक की बहू ने दुकान के रोशनदान से धुंआ और आग की लपटें देखीं। तुरंत परिजनों और लोगों को सूचना दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पास के तालाब से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी। प्रधान राजेश कुमार राजू ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। चिरईगांव चौकी प्रभारी महेश मिश्रा पुलिस बल और दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। चौबेपुर थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि समय रहते आग बुझाने से आसपास की दुकानें बच गईं। संवाद