जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने केंद्र पर धान की बिक्री के लिए किसानों को टोकन जारी करने में अनियमितता के मामले का संज्ञान लेते हुए जमालपुर सहकारी संघ के केंद्र प्रभारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया है।
केंद्र प्रभारी के खिलाफ वहां के किसानों ने अपर जिलाधिकारी एवं जिला खरीद अधिकारी से शिकायत की थी। किसानों का आरोप था कि केंद्र प्रभारी टोकन रजिस्टर में बीच-बीच में खाली नंबर छोड़कर संपर्क करने वाले किसानों का नाम वहां दर्ज कर दे रहे हैं। अपर जिलाधिकारी ने इस शिकायत की जांच एडीसीओ जमालपुर, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता एवं जिला प्रबंधक पीसीएफ की टीम गठित कर बृहस्पतिवार को कराई थी। टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट में शिकायत को सही बताते हुए केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है। जिलाधिकारी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता तथा एडीसीओ जमालपुर को केंद्र प्रभारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने सभी केंद्र प्रभारियों को चेतावनी दी है कि धान खरीद में अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।