चुनार। नगर स्थित पीडीएनडी इंटर कालेज के प्रांगण में शुक्रवार को रिमझिम बारिश के बीच वो तीन दिन फिल्म की शूटिंग हुई। इस दौरान अभिनेता संजय मिश्रा एक रिक्शा चालक के रूप में अभिनय करते दिखे। शूटिंग देखने के लिए स्थानीय युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। फिल्म वो तीन दिन की शूटिंग शुक्रवार को एक बदनाम बस्ती पर दृश्यांकित की गई। शूटिंग के दौरान अभिनेता संजय मिश्रा रिक्शा चालक का अभिनय करते हैं। वह सवारी के रूप में राजेश शर्मा को अपने रिक्शे पर बैठाकर बदनाम बस्ती में ले जाते हैं। फिल्म के निर्माता पंचम सिंह, मनोज जायसवाल व निर्मला सिंह है। यह फिल्म जीवन में मेहनत व ईमानदारी से आगे बढ़ने की प्रेरणा देने के साथ कॉमेडी व एक्शन से भरपूर है। फिल्म की आधे से अधिक शूटिंग चुनार क्षेत्र के विभिन्न अंचलों में की गई है। निदेशक राजा सिंह ने बताया कि चुनार क्षेत्र में अब तक जहां भी शूटिंग हुई क्षेत्रीय लोगों का सहयोग मिलता रहा जो सराहनीय है। बताया कि शूटिंग का कार्य निरंतर चल रहा है लेकिन वैश्विक महामारी को देखते हुए सरकार द्वारा लॉकडाउन के लिए गए निर्णय का पालन करते हुए शूटिंग बंद रहेगी। फिल्म में पायल मुखर्जी, चंदन सान्याल, राकेश श्रीवास्तव शामिल हैं।