मिर्जापुर। मेडिकल काॅलेज के अधीन मंडलीय अस्पताल में सोमवार को चर्म रोग की ओपीडी में बैठने को लेकर दो डाॅक्टरों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई। चार दिन पहले कमरे में ताला लगाने को लेकर भी विवाद हुआ था। इस मामले की जांच के लिए एसआईसी ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है।
चर्म रोग की ओपीडी में बैठने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। एक कमरे में चर्म रोग की ओपीडी चलती है। इसमें डाॅ. धीरज कुमार पटवा और प्रणय सत्यराज बैठते हैं। पास के 106 नंबर कमरे में सोमवार को डाॅ. पवन राय बैठे थे। इस कमरे में डॉ. धीरज कुमार पटवा और डाॅ. पवन के बीच बैठने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई। चार दिन पहले 106 नंबर कमरे में ताला लगा दिया गया था, तब चौकी प्रभारी को अस्पताल में बुलवाकर ताला खोलवाया गया था। इस मामले में एसआईसी ने जांच कमेटी गठित की है। एसआईसी डाॅ. तरुण सिंह ने बताया कि सोमवार को डाॅ. पवन कुमार और डाॅ. धीरज पटवा के बीच विवाद हुआ था। जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। कमेटी के अध्यक्ष डाॅ. केपी श्रीवास्तव होंगे। कमेटी में डाॅ. पंकज पांडेय और डाॅ. राजकुमार भारती शामिल हैं। अनुपस्थित रहने पर डाॅ. धीरज पटवा और डाॅ. प्रणय राज को पहले भी नोटिस जारी किया जा चुका है।