मिर्जापुर। विसुंदरपुर स्थित राजकीय पौधशाला में कृषि विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय एग्रो क्लाइमेट जोन स्तरीय किसान मेला एवं प्रदर्शनी के अंतिम दिन सोमवार को किसानों को सम्मानित किया गया। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया।
सोमवार को मुख्य अतिथि नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्रा, विशिष्ट अतिथि मझवांं विधायक शुचिस्मिता मौर्या, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। नगर विधायक ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को किसानों का मसीहा बताया। मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या ने चौधरी चरण सिंह को नमन करते हुए उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। किसान मेले में कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. श्रीराम सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र प्रयागराज से आए डॉ. मदन सेन सिंह तथा कृषि एवं कल्याण मंत्रालय से आए कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसएन सिंह ने किसानों को प्राकृतिक खेती से होने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानाें को खेतों की मिट्टी की जांच कराकर कृषि विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझाव के अनुसार ही संतुलित मात्रा में खाद, कीटनाशक रसायनों का प्रयोग करने तथा बुवाई से पहले भूमि शोधन, बीज शोधन की सलाह दी। उप कृषि निदेशक विकेश कुमार सिंह पटेल ने योजनाओं के बारे में जानकारी दी।