सक्तेशगढ़। क्षेत्र में बिजली की आंख मिचौली से नाराज किसानों ने बृहस्पतिवार को राजगढ़ उपकेंद्र का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए किसानों ने 16 घंटे विद्युत आपूर्ति की मांग की।
उनका कहना था कि 18 घंटे की बजाय क्षेत्र मेंं महज पांच से छह घंटे ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। इसमें भी कई बार कटौती की जा रही है। किसानों का कहना था कि बिजली आती भी है तो लो वोल्टेज के चलते सबमर्सिबल एवं अन्य उपकरण जलने की संभावना बनी रहती है। इससे किसान मोटर पंप आदि नहीं चल पा रहे हैं। सिंचाई के अभाव में फसलें सूख रही हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली कटौती बंद नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन में प्रमोद कुमार सिंह पम्मी, बृजेश कुमार, जन्मेजय सिंह, पंकज कुमार, शुभम सिंह पटेल, लवकुश सिंह, सुरेंद्र प्रताप, विक्रम सिंह, नीरज सिंह, रोहित सिंह, त्रिलोकी नाथ मौर्या, सुधीर सिंह, संजय सिंह आदि शामिल थे।