मिर्जापुर। 2.41 लाख किसानों के फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराने से पीएम सम्मान निधि की किस्त लटक सकती है। 19 वीं पीएम सम्मान निधि के लिए फार्मर रजिस्ट्री को जरूरी बताया गया है।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसान शीघ्र ही अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र के माध्यम से अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री कराएं। अन्यथा अगली किस्त से वंचित हो जाएंगे। उप कृषि निदेशक ने कहा जल्द ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किस्त सरकार जारी करने वाली है।
उन्होंने कहा जिले में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य जनसेवा केंद्र के माध्यम से कराया जा रहा है। उप कृषि निदेशक ने बताया जिले में अब तक 140983 किसानों ने ही अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराई है। फार्मर रजिस्ट्री कराने वाले किसानों के ही खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की धनराशि भेजी जाएगी।
उप कृषि निदेशक ने बताया फार्मर रजिस्ट्री में लक्ष्य 3.82 लाख की तुलना में शुक्रवार तक 140983 किसानों ने ही फार्मर रजिस्ट्री कराई है। तहसीलवार जानकारी देते हुए उप कृषि निदेशक ने बताया तहसील चुनार में आवंटित लक्ष्य 119082 की तुलना में 45060 किसानों ने पंजीकरण कराया।
मड़िहान में आवंटित लक्ष्य 46438 की तुलना में 17844 किसानों का पंजीकरण कराया है। तहसील लालगंज में आवंटित लक्ष्य 64097 की तुलना में 22944 किसानों ने पंजीकरण कराया। इसी तरह तहसील सदर में आवंटित लक्ष्य 153175 की तुलना में अभी तक 55135 किसानों ने ही पंजीकरण कराया है।