जिला पंचायत सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी विजय बहादुर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय रबी गोष्ठी का आयोजन हुआ।
गोष्ठी के दौरान जहां कृषि विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं के बारे में जानकारी दी, वहीं किसान पारदर्शी योजना, कृषि यंत्रीकरण, मृदा परीक्षण तथा सोलर पंप की स्थापना पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर कृषकों द्वारा उठाए गए विभिन्न समसामयिक समस्याओं का समाधान भी किया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी-प्रभारी जिलाधिकारी विजय बहादुर ने अधिकारियों से अपेक्षा किया कि वे अपने-अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं।
उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता है, इसलिए जनहितकारी योजनाओं का लाभ नियमानुसार हर हाल में किसानों को दिया जाए। कृषि वैज्ञानिक डा. मदन सेन सिंह ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने केे विषय में विस्तृत जानकारी दी।
कृषि वैज्ञानिक योगेश श्रीवास्तव ने किसानों को उन्नतशील बीज-खाद के समुचित प्रयोग कर अधिक पैदावार करने की जानकारी दी।
उप कृषि निदेशक ने किसानों के लाभ के लिए कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की बिंदुवार व्यापक जानकारी दी तथा अपील किया कि किसान उन योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने किसानों को पशुपालन के नए तरीकों एवं पशुओं की सुरक्षा के लिए किए जाने वाले उपायों की जानकारी दी।
गोष्ठी के दौरान कृषि, पशुपालन, उद्यान, सहकारिता, विद्युत, सिंचाई सहित कृषि से संबंधित अन्य विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी कार्यक्रमों के बारे में व्यापक प्रकाश डाला।
अंत में उप कृषि निदेशक द्वारा रबी गोष्ठी में आए समस्त कृषकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। रबी गोष्ठी का संचालन जिला ग्राम्य विकास प्रशिक्षण संस्थान भोड़सर के प्रशिक्षक राजेंद्र शुक्ल ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।