हलिया। थाना क्षेत्र के दिघिया गांव में सुसुआड़ नाले पर बने चेकडैम में रविवार को सुबह पैर फिसलने से किसान पानी में डूब गया। दोपहर में चेकडैम में नहाने गए ग्रामीणों ने किसान को उतराया देख परिजनों को सूचना दी। लोग किसान को पानी से निकालकर पीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
दिघिया गांव निवासी 62 वर्षीय किसान रामसागर बिंद रविवार को सुबह अपने खेत की तरफ जा रहे थे। घर से करीब 400 मीटर दूर स्थित चेकडैम पर पहुंचे तो अचानक पैर फिसलने से वे 10 फीट गहरे पानी में गिर गए। गहरे पानी में गिरने से रामसागर की मौत हो गई। दोपहर में चेकडैम में नहाने गए गांव के लोगों ने रामसागर का शव पानी में उतराया देखा। लोगों ने पानी से बाहर निकालकर घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने एंबुलेंस सेवा पर फोन किया। इसके बाद एंबुलेंस से पीएचसी हलिया ले गए। जहां डॉक्टर विवेक खरे ने रामसागर को देखते ही मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी मतवार रवि प्रकाश ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामसागर से चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष बाली मौर्या ने बताया कि चेकडैम में डूबने से किसान की मौत हो गई।