जिगना। थाना क्षेत्र के चड़ेरु चौकठा स्थित जिगना रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार की सुबह अप लाइन पर आ रही मालगाड़ी की चपेट में आने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर परिजनो और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव निवासी दरोगा बिंद (35) मंगलवार की सुबह सवा नौ बजे खेत की तरफ जा रहा था। दरोगा बिंद का घर रेलवे लाइन के किनारे है। वह घर से 100 मीटर दूर पहुंचा था कि ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों के शोर मचाने से परिजन मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिजन बिलखने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दरोगा बिंद नई रेलवे लाइन से होकर जा रहा था। ट्रेन की आवाज सुना तो उसे लगा कि ट्रेन पुरानी रेल लाइन से जाएगी। इसलिए ट्रैक से नहीं हटा। जिससे वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया। वह पांच भाईयों में तीसरे नंबर पर था। उसे तीन पुत्री खुशबू, किरना बरखा और एक पुत्र शिवा है। मौत से पत्नी निर्मला देवी और बच्चे बिलखते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष सच्चितानंद राय ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई।