पटेहरा। मड़िहान थाना क्षेत्र के सोनरई जंगल में स्थित एक आश्रम के परिसर में स्थित कुंए में मिले युवक के शव मामले में सोमवार को परिजनों ने पटेहरा चौकी में तहरीर देकर हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। मड़िहान थाना क्षेत्र के पटेहरा कला गांव निवासी शंकर कोल की पाही घर से छह किमी दूर सोनरई जंगल में थी। वहां पर भी परिवार के लोग रहते थे। शंकर कोल का बड़ा पुत्र 18 वर्षीय सुनील कोल भी पाही पर रहता था। पिछले सोमवार को वह गाय चराने के लिए निकला था। मंगलवार की सुबह उसका शव आश्रम की बाउंड्री में स्थित कूएं में मिला। सोमवार को मृतक के पिता शिवशंकर ने परिजन पटेहरा चौकी पर पहुंच कर चार लोगों के खिलाफ हत्या करने का आरोप लगाकर तहरीर दिया। मड़िहान थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से ही मौत की पुष्टि हुई है। अभी थाने पर किसी ने भी कोई तहरीर नहीं दिया है ।