कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों ने पीतल बर्तन उद्योग के विकास के लिए सामान्य सुविधा केंद्र स्थापित करने की मांग उठाई। उद्यमियों ने केंद्र में टेस्टिंग लैब, टूल रूम, प्रशिक्षण केंद्र तथा उत्पादों के निर्यात की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बैठक में उद्यमियों की समस्याओं की सुनवाई भी की। साथ ही अधिकारियों को समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया।
बैठक में उद्यमियों ने पथरहिया स्थित औद्योगिक आस्थान सीवर लाइन बिछाने तथा बिजली आपूर्ति के लिए स्वतंत्र फीडर स्थापित कराने की मांग की। उद्यमियों ने बताया कि सरकार की ओर से इसके निर्माण के लिए धन भी उपलब्ध करा दिया गया है। इसके बावजूद विद्युत निगम स्वतंत्र फीडर की व्यवस्था नहीं करा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि जितनी धनराशि प्राप्त हुई है, उससे फीडर का कार्य अविलंब शुरू कराएं।
इसी तरह रामनगर सिकरी में औद्योगिक आस्थान की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी उद्यमियों ने बैठक में उठाया। उद्यमियों ने औद्योगिकी आस्थान तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण कराने, बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने तथा चारों तरफ चहारदीवारी का निर्माण कराने की मांग की। उद्यमियों ने निर्यात के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित कराने का सुझाव भी दिया।
बैठक के दौरान उद्यमियों ने मिर्जापुर को टाउन ऑफ एक्सपोर्ट एक्सीलेंस की उपाधि प्राप्त होने पर अध्यक्ष के प्रति आभार जताया। बैठक में आईआईए अध्यक्ष मोहन दास अग्रवाल, कल्याण जी अग्रहरि, मनोज खंडेलवाल, आशीष बुधिया, अश्वनी जैन, अधिराज दत्ता, हिमांशु अग्रवाल, अमरनाथ पांडेय के अलावा उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।