मिर्जापुर। प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, निवेश प्रोत्साहन एवं जनपद के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं में हुई प्रगति व कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी नहीं दे पाने पर उन्होंने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी से कड़ी नाराजगी जताई। आगाह किया कि अगली बैठक में पूरी जानकारी के साथ मौजूद रहें। आयुष्मान कार्ड बनाने में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर भी उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप विकास कार्यक्रमों को पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से अधिकारी पूरा कराएं। गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ व लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके पूर्व मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं में हुई प्रगति के संबंध में जानकारी दी। बैठक में खाद्य एवं रसद विभाग, जल जीवन मिशन, अमृत योजना के साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, सिंचाई पंप की आपूर्ति एवं स्थापना, परंपरागत कृषि विकास योजना, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की भी समीक्षा की गई।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन की भी समीक्षा की गई। नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने एवं सील्ट सफाई की समीक्षा के दौरान अधिकारियों द्वारा बताया गया कि कुछ डैम में पानी कम होने के कारण नहरों का संचालन नहीं हो पा रहा है। निराश्रित गोवंश, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, स्वरोजगार योजना की भी समीक्षा की गयी।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन नगरीय एवं ग्रामीण, गंगा एक्शन प्लान, पार्कों के सुंदरीकरण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, 102 एवं 108 नेशनल एंबुलेंस सेवा, मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना की बिंदुवार समीक्षा की गयी। पशुधन टीकाकरण, ईयर टैगिंग, हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान, राज्य औद्यानिक मिशन, पेंशन योजनाए, छात्रवृत्ति वितरण, धान क्रय, खाद की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति, विद्युत देयों के भुगतान एवं शिकायतों के निस्तारण, जिला एवं तहसील मुख्यालयों को फोर एवं टू लेन सड़क से जोड़ने आदि की भी समीक्षा की गई।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान शारदीय व चैत्र नवरात्र के दौरान विंध्याचल में पुलिस प्रबंध, आपराधिक मामलों में चार्ज शीट दाखिल किए जाने, विचाराधीन अपराधों की संख्या, गुंडा एक्ट, दहेज मृत्यु, शील भंग, अपहरण, मिशन शक्ति, महिला अपराध से जुड़े मामलों की जानकारी लेकर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिया।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दिन व रात में पैदल पेट्रोलिंग को और बढ़ाने तथा संपूर्ण एवं थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों को गुणवत्ता के साथ समय से निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी बाहुबली अतीक अहमद की पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देने से बचने की कोशिश करते नजर आए। अतीक की पत्नी ने आरोप लगाया कि वे पांच करोड़ रुपये वापस नहीं कर रहे हैं, इस सवाल का जवाब देने से बचते नजर आए। उन्होंने कहा कि ऐसे आरोप तो लगते रहते हैं। इसके बाद वे कार में बैठकर चले गए। पत्रकारों से बातचीत के दौरान नंद गोपाल नंदी ने कहा कि वे मिर्जापुर और कानपुर के प्रभारी हैं। हर माह के दूसरे शुक्रवार को वे मिर्जापुर आएंगे और विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। उन्होंने बताया कि समीक्षा व निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां मिली हैं। उसके लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगली बार जब वे आएंगे तो उनको सभी कुछ ठीक मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के सपने को साकार करने के साथ ही सर्वोत्तम प्रदेश भी बनाया जा रहा है। जिले के प्रभारी मंत्री नंदगोपाल नंदी ने डंगहर स्थित मलिन बस्ती का निरीक्षण किया। सामुदायिक शौचालय की स्थिति देख नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से पूछताछ की। साथ ही निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत सहित जो भी कमियां हैं, उन्हें अविलंब दूर कराएं। निरीक्षण के दौरान बस्ती के पास झोपड़ी बनाकर रहने वाली सुमन ने प्रभारी मंत्री से आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। महिला ने बताया कि उसका राशन कार्ड बना है, लेकिन अब तक मात्र दो बार ही राशन मिला है। मंत्री ने मलिन बस्ती की एक बच्ची से उसकी पढ़ाई के बारे में पूछा। आवास व राशन की भी जानकारी ली।
उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विंध्याचल का निरीक्षण किया। इस ऑक्सीजन प्लांट, भर्ती वार्ड कक्ष, लैब, दवा कक्ष शौचालय आदि में साफ सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान मंत्री को बताया कि शुक्रवार की रात सपना देवी निवासी चिकान टोला को पुत्र पैदा हुआ तथा पिंकी बिंद निवासी बनवारीपुर को पुत्री पैदा हुई। सुनीता देवी निवासी गोपालपुर को पुत्री पैदा हुई थी। निरीक्षण के दौरान पुत्रियों के परिजनों को 10 हजार रुपये तथा लड़के की मां को पांच हजार रुपये भी प्रभारी मंत्री ने प्रदान किया।
प्रदेश के उद्योग विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री नंदगोपाल नंदी ने शनिवार को छानबे ब्लॉक के ग्राम पंचायत सुमतिया में अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। साथ ही पेयजल टंकी, सामुदायिक शौचालय व ग्राम सचिवालय का भी निरीक्षण किया ।सामुदायिक शौचालय में पाइप जाम होने पर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया। ग्राम सचिवालय तक जाने वाले इंटरलाकिंग मार्ग पर खड़ंजा क्षतिग्रस्त होने पर उन्होंने गुणवत्ता पर सवाल उठाया। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी व खंड विकास अधिकारी को निर्माण कार्य की जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पंचायत भवन पर अंकित कर्मचारियों के मोबाइल फोन नंबर पर फोन कर बात भी की। इसी दौरान ग्राम राजमन बघौरा की सीमा देवी ने पारिवारिक विवाद व आवास नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर उन्होंने ग्राम प्रधान व पुलिस अधिकारियों को बैठ कर समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया।
ग्राम पाली के दलित बस्ती में पानी की पाइप लाइन नहीं जाने की शिकायत पर पांच दिन के अंदर पाइप पहुंचा कर कनेक्शन करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस, एडीएम अमरेंद्र वर्मा सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।