जमालपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को जमालपुर क्षेत्र के ओड़ी गांव पहुंचे। वहां उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई एवं जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की माता रामा देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कैबिनेट मंत्री की माता रामा देवी का कुछ दिन पूर्व निधन हो गया था। शनिवार को दोपहर बाद एक बजकर 10 मिनट पर दोनों उप मुख्यमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से ओड़ी गांव पहुंचे। वहां विधायक रत्नाकर मिश्र, विधायक अनुराग सिंह, रमाशंकर सिंह पटेल ने उनका स्वागत किया। उप मुख्यमंत्रियों ने घर में पहुंचकर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव के माता के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। फिर शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। घर से बाहर आने पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद व ब्रिजेश पाठक ने कहा कि हमारी सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जो सड़कें खराब हैं उन्हें गड्ढामुक्त करा लिया जाएगा। उन्होंने ज्यादा कुछ बोलने से इंकार कर दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक संतोष मिश्रा, कौशलेंद्र सिंह के अलावा भाजपा के पदाधिकारियों का जमावड़ा लगा रहा।इस दौरान नरसिंह चौहान, अंकित सिंह, संजय सिंह पटेल, अभिषेक सिंह पटेल, राजा भैया, नवीन पांडेय, रामजनम कुशवाहा, मनीष मौर्य, दिनेश सिंह, त्रिलोकी पटेल, भरत विश्वकर्मा, जोशी पटेल, सर्वेश सिंह, मोती पटेल, आनंद सिंह बंटू आदि मौजूद रहे। दोनों उपमुख्यमंत्री आधा घंटा रुकने के बाद अपराह्न 1:41 बजे वाराणसी के लिए रवाना हो गए।