मिर्जापुर। मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। इसके साथ ही जिला क्वालिटी इंश्योरेंस की बैठक भी की गई। बैठक एंबुलेंस सेवा 108 को फोन काल के बाद पहुंचने के समय को गलत दर्शाए जाने पर उन्होंने डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की न्यूनतम डाटा फीडिंग में लापरवाही बरतने वाले कंप्यूटर ऑपरेटरों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि अगले माह डाटा फीडिंग की प्रगति नहीं बढ़ने पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय के भुगतान, असफल नसबंदी क्षतिपूर्ति, नवजात शिशु सघन कक्ष सहित अन्य कार्यों में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान मंडलीय अस्पताल में स्थापित पोषण पुनर्वास केंद्र को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभारी चिकित्सक को उन्हें जरूरी निर्देश दिया। साथ ही सैम-मैम बच्चों के बारे में जरूरी जानकारी समय से फीड कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने पुनरीक्षित राष्ट्रीय क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत ब्लाॅकवार उपलब्धियों के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अन्तर्गत 10 बच्चों का प्रकरण लंबित रहने पर संबंधित प्रभारी को विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
बैठक में राष्ट्रीय अंधता एवं दृष्टहीनता नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, मातृ मृत्यु आडिट की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र समय से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक में दो सेंटरों पर एएनएम की तैनाती न होने पर मुख्य विकास अधिकारी को भी जरूरी निर्देश दिया। कहा कि एक सप्ताह के अन्दर तैनाती सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों, मंडलीय व महिला अस्पताल में आवश्यकता के अनुसार दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। मंत्रा एप पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हलिया में योजनाओं की कम फीडिंग पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारी को प्रगति बढ़ाने का निर्देश दिया।
इसी प्रकार आयुष्मान कार्ड की प्रगति बढ़ाने के लिए लगाये जा रहे शिविरों में मुख्य चिकित्साधिकारी व अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को निरीक्षण कर एक सप्ताह के अन्दर प्रगति रिपोर्ट देने को कहा। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट आलोक प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी अरविंद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक मंडलीय अस्पताल आदि मौजूद रहे।