राजगढ़। थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के पास रविवार को देर रात ट्रक के टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस परिजनों को घटना की जानकारी दी।पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और चालक को पकड़कर थाने ले गई।
मड़िहान थाना क्षेत्र के बसही गांव निवासी बिरजू (21) पुत्र बुल्लूर के दादा का कुछ दिन पहले निधन हो गया था। बिरजू तेरहवीं का कार्ड बांटने के लिए रविवार को घर से निकले थे। कार्ड बांट कर वे रविवार की रात घर लौट रहे थे। वे राजगढ़ थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के पास पहुंचे थे, इस बीच मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया। इससे बाइक सवार बिरजू की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। साथ ही चालक को पकड़कर राजगढ़ थाना ले गई। पुलिस की सूचना पर बिरजू के पिता बुल्लूर व अन्य लोग राजगढ़ थाना पहुंच गए। दादा के निधन के बाद पौत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिरजू तीन भाइयों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। थानाध्यक्ष राजगढ़ राणा प्रताप ने बताया कि ट्रक के टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।