मिर्जापुर। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं में खराब प्रगति मिलने पर सीडीओ ने बुधवार को पांच प्रभारी चिकित्साधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांग लिया। इनमें से विंध्याचल सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी से बैठक में नहीं आने तथा पीएचसी गुरूसंडी, सीएचसी चुनार, पीएचसी पटेहरा और पीएचसी चील्ह के चिकित्साधिकारी से विभाग की योजनाओं की प्रगति ठीक नहीं मिलने पर स्पष्टीकरण मांगा गया।
सीडीओ विशाल कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। बैठक में प्रभारी चिकित्साधिकारी विंध्याचल नहीं आए। इस पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई और सीएमओ को संबंधित चिकित्साधिकारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं में खराब प्रगति पर पीएचसी गुरूसंडी, सीएचसी चुनार, पीएचसी पटेहरा और पीएचसी चील्ह के प्रभारी चिकित्साधिकारियों को भी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान सीडीओ ने अधिकारियों को आगाह किया कि लक्ष्य के अनुरूप डाटा अपलोड नहीं करने वालों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान सीडीओ ने सीएमओ से परिवार कल्याण के तहत असफल नसबंदी की क्षतिपूर्ति, लाभार्थियों का विवरण, महिला चिकित्सालय, मंडलीय चिकित्सालय में सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता आदि की जानकारी भी ली। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट आलोक प्रसाद, सीएमओ डाॅ. सीएल वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी वर्मा, मंडलीय अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक आदि मौजूद रहे।