लालगंज। उप जिलाधिकारी गुलाब चंद्र ने बृहस्पतिवार को लहंगपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार करने का निर्देश दिया। साथ ही पास ही स्थित पशु चिकित्सालय बंद मिलने पर उन्होंने संबंधित डॉक्टर से स्पष्टीकरण भी मांग लिया।
लहंगपुर प्राथमिक विद्यालय में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मतदान केंद्र बनाए जाने पर उन्होंने शौचालय, रैंप, बिजली, छाया, पानी की व्यवस्था आदि की शिक्षकों से जानकारी ली। उन्होंने प्रधानाध्यापक से कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार किए जाने की जरूरत है। इसमें किसी भी लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने एमडीएम का अवलोकन किया और गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालय के पास पशु चिकित्सालय बंद मिलने पर संबंधित डॉक्टर से नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। कहा कि किसी भी स्थिति में पशु चिकित्सालय बंद नहीं रहना चाहिए।