मिर्जापुर जिले में एकमुश्त समाधान योजना के प्रथम चरण की समाप्ति होते- होते विद्युत विभाग के तीन प्रमुख अभियंताओं पर कार्रवाई हो गई। इसमें अधिशासी अभियंता को निलंबित कर दिया गया। इसके बाद अधीक्षण अभियंता व बृहस्पतिवार को मुख्य अभियंता वितरण का तबादला हो गया। इसको एकमुश्त समाधान योजना में जिले की कम प्रगति से जोड़कर देखा जा रहा है।
ओटीएस की पहली समीक्षा बैठक में अध्यक्ष डॉ. आशीष ने अधिशासी अभियंता मनीष श्रीवास्तव को निलंबित करने का आदेश दिया था। इसके बाद अधीक्षण अभियंता देवेंद्र पचौरिया को डिस्काम वाराणसी से संबद्ध कर दिया गया। उनके स्थानांतरण को भी कम वसूली से ही जोड़कर देखा जा रहा है।
बृहस्पतिवार को कम वसूली की बात कहते हुए मुख्य अभियंता वितरण मनोज सोनकर का तबादला भी पूर्वांचल पावर कॉरपोरेशन में कर दिया गया। कार्रवाई से विभाग में अफरातफरी का माहौल है। मुख्य अभियंता मनोज सोनकर ने बताया कि उनका स्थानांतरण पूर्वांचल पावर कारपोरेशन के लिए हो गया है।