पीजी की परीक्षाएं शुरू, केबी पहुंचा उड़ाका दल
ला, एमकाम सहित एमए की पांच विषयों की हुई परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध महाविद्यालयों की शुक्रवार से पीजी की परीक्षाएं भी शुरू हो गई। केबी कालेज में पहले ही दिन विश्वविद्यालय के उड़ाका दल ने धावा बोला। हालांकि सभी कुछ सामान्य रहा।
सुबह की पाली में ला व बीबीए की परीक्षा थी तो दूसरी पाली में पीजी के चतुर्थ सेमेस्टर के पांच विषयों की परीक्षा रही। केबी कालेज में सुबह की पाली में ला के 75 व बीबीए के 42 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। दूसरी पाली में बीए व बीएससी तृतीय वर्ष की सैन्य विज्ञान की परीक्षा थी। उसमें एक सौ 18 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। दूसरी पाली में एमए भूगोल, गृहविज्ञान, समाजशास्त्र, शिक्षाशास्त्र व राजनीतिक शास्त्र की परीक्षा थी। इसमें पांच सौ 40 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। प्राचार्य डा. भवभूति मिश्र ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण रही। विश्वविद्यालय के उड़ाका दल ने निरीक्षण किया था। इसी प्रकार जीडी बिनानी पीजी कालेज में सुबह ला की परीक्षा में 14 व दूसरी पाली में एमकाम व एमए की परीक्षा में तीन सौ तीन परीक्षार्थी उपस्थित रहे। प्राचार्य डा. राजीव अग्रवाल ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण रही।
इनसेट
शास्त्री व आचार्य की परीक्षा में नौ अनुपस्थित
मिर्जापुर। जिले में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की शास्त्री एवं आचार्य की परीक्षाएं भी चल रही हैं। शुक्रवार को शास्त्री तृतीय सेमेस्टर व आचार्य चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा में बरियाघाट स्थित संस्कृत महाविद्यालय में शास्त्री में 39 व आचार्य में 36 परीक्षार्थी शामिल हुए। प्राचार्य नरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शास्त्री में 46 पंजीकृत थे जिसमें सात अनुपस्थित रहे। आचार्य में 38 पंजीकृत थे जिसमें दो अनुपस्थित रहे।