मिर्जापुर। शिक्षक मतदाता सूची 2025 में विसंगतियां सामने आई हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ चेत नारायण सिंह गुट के जिला अध्यक्ष विनय सिंह ने जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए सुधार की मांग की है। उनका कहना है कि दो दिसंबर को प्रकाशित सूची के अनुसार सूची में अनेक स्थानों पर नामों की अशुद्ध प्रविष्टि, नामों का दोहराव, मतदेय स्थल में त्रुटि तथा कई योग्य शिक्षकों के नाम, फॉर्म-19 जमा होने के बावजूद सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में मतदाताओं के कार्यस्थल व विद्यालय का नाम अंकित नहीं है, जिससे पहचान में समस्या उत्पन्न हो रही है। इससे मतदान के समय पर समस्या हो सकती है। जिलाध्यक्ष ने मांग की है कि सभी विसंगतियों का तत्काल निराकरण कर शिक्षक निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए।
शंकर आश्रम इंटर कॉलेज के शिक्षकों का नाम नहीं
मिर्जापुर। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट के मंडल अध्यक्ष रमेश चंद्र द्विवेदी ने कहा है कि शंकर आश्रम इंटर कॉलेज सीखड़ के किसी भी शिक्षक का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है। जबकि 13 शिक्षकों का फॉर्म 19 भरकर कवरिंग लेटर सहित जिला विद्यालय शिक्षा कार्यालय में जमा किया गया था। जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान पटेहरा कला के किसी भी शिक्षक का नाम मतदाता सूची में नहीं है। सुंदर मुंदर जायसवाल बालिका इंटर कॉलेज के 15 शिक्षकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है। पंवारी कला इंटर कॉलेज व अन्य कई संस्थाओं के शिक्षकों का नाम मतदाता सूची से गायब है।