मिर्जापुर। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन व पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने शुक्रवार को विंध्याचल मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत सभी वाहन स्टैंडों का स्वयं भी स्थलीय निरीक्षण करते हुए आवश्यकतानुसार सफाई, प्रकाश, शौचालय एवं सीसीटीवी कैमरा लगवाये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करायें।
उन्होंने कहा कि सभी वाहन स्टैंड के बाहर बड़े बैनर या बोर्ड पर स्पष्ट अक्षरों में वाहन जमा करने पर लिये जाने वाले शुल्क लिखा जाय। यदि किसी वाहन स्टैंड पर निर्धारित दर से अधिक मनमाने ढंग से शुल्क वसूली की जाने शिकायत की जाती है तो संबंधित वाहन स्टैण्ड कांट्रैक्टर को काली सूची में डालते हुये कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जायेगी। कालीखोह मन्दिर को जाने वाले नेशनल हाइवे के मुख्य मार्ग के बाई ओर स्थित भूमि पर भी अस्थायी वाहन स्टैंड की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने अष्टभुजा पहाड़ी के नीचे की तरफ बगीचे में वाहन स्टैंड बनाये जाने का भी निर्देश दिया। रोपवे के सामने तालाब का भी सौन्दर्यीकरण व साफ सफाई कराने का निर्देश दिया गया। अष्टभुजा पहाड़ के ऊपर रैन बसेरा के बगल भी वाहन स्टैंड स्थल का निरीक्षण करते हुए अपर मुख्य अधिकारी को सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
नगर विधायक के साथ की बैठक
मिर्जापुर। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने शुक्रवार को अष्टभुजा निरीक्षण गृह में विधायक नगर रत्नाकर मिश्र के साथ बैठक कर त्रिकोण परिक्रमा पथ विकास एवं मां कालीखोह मन्दिर व मां अष्टभुजा मन्दिर का उनकी महिमा के अनुरूप सौन्दर्यीकरण कराये जाने के संबंध में चर्चा की। कालीखोह मन्दिर के सौन्दर्यीकरण एवं विकास के प्रस्ताव के संबंध में बताया कि कालीखोह मन्दिर से संबंधित प्रस्ताव को तैयार कराया जा चुका है। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रस्ताव में मां कालीखोह मन्दिर के प्रवेश द्वार पहुंच मार्ग, वाहन पार्किंग एवं मुख्य मन्दिर परिसर तथा मन्दिर के पीछे भैरो मन्दिर का विकास प्रस्ताव में शामिल किया गया हैं। विधायक नगर ने कहा कि प्रयास यह किया जाय कि निर्माण कार्य में बड़े पेड़ों को न काटा जाय तथा पहाड़ की ओर रिटर्निंग वाल को भी बनाया जाय। इसी प्रकार मां अष्टभुजा मन्दिर के प्रवेश द्वार, पहुंच मार्ग, वाहन पार्किंग एवं मुख्य मन्दिर परिसर, मन्दिर को जाने वाली सीढ़ियों हेतु बने प्रस्ताव के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग भवन एवं प्रान्तीय खण्ड सहित संबंन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।