फसल क्षतिपूर्ति की मांग को लेकर ब्लाक मुख्यालय पर रविवार को भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताआें ने धरना देकर अपना विरोध जताया।
इस दौरान कहा गया कि किसानाें की नष्ट हुई फसल का सर्वे करा कर उचित मुआवजा दिया जाए, किसानाें का ऋण माफ करने के साथ ही वसूली बंद की जाए एवं फसल बीमा का भुगतान अविलंब कराया जाए।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे चुनार विधायक जगतंबा सिंह पटेल ने किसानों से वार्ता किया और उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
उधर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के जिलाध्यक्ष सिद्धनाथ सिंह ने कहा कि मौसम की मार के चलते किसानाें की फसलें जो बर्बाद हुई हैं, उसका आकलन करा कर किसानाें के बीच उचित मुआवजा तत्काल दिया जाए।
यूनियन के नेता प्रहलाद सिंह ने कहा कि मौसम की मार के चलते किसानाें की कमर ही टूट गई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान यूनियन के जिला महासचिव वीरेंद्र सिंह और संचालन पन्ना सिंह ने किया।
इस दौरान श्याम जी सिंह, गुप्त नाथ द्विवेदी, मोती सिंह, श्याम जी सिंह, राजेश त्रिपाठी, अखिलेश सिंह, रजनीश भूषण सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।