मिर्जापुर। विकास भवन के सभागार में विश्व वेटलैंड दिवस पर मंगलवार को जल संचयन पर जोर दिया गया। कार्यशाला में आठ विकास खंडों के 134 ग्राम पंचायतों से आए स्वच्छताग्रही, नेहरू युवा केंद्र के कार्यकर्ता, वन विभाग एवं नगर पालिका परिषद मिर्जापुर, नगर पालिका चुनार व नगर पंचायत कछवां के सफाई नायक शामिल हुए।
डीएफओ संजीव कुमार ने वेटलैंड दिवस पर प्रकाश डाला। ग्राम पंचायतों एवं गंगा तथा अन्य सहायक नदियों के दलदली एवं जल संचयन क्षेत्रों को पुनर्जीवित करने पर जोर दिया। कहा कि पूर्वजों की ओर से बनाई गई परंपरागत जल स्रोतों में नाला, तालाब व कुओं की मरम्मत जरूरी है। वर्षा के जल का संचयन तथा बाढ़ के समय पानी को इकट्ठा करने पर मंत्रणा की गई। कार्यशाला में जिला कंसलटेंट विनोद कुमार श्रीवास्तव प्रोजेक्टर के माध्यम से फिल्मों का प्रदर्शनकर लोगों को जागरूक किया। कार्यशाला में एसडीओ पंकज शुक्ला, एडीपीआरओ सीबी सिंह ने गंगा बेसिन के किनारे जैविक उत्पादों, जैविक खेती व वृक्षारोपण आदि कार्यक्रम करते रहने का सुझाव दिया। कार्यक्रम में ब्लाक कोआर्डिनेटर सिटी विभा बिंद, खंड प्रेरक एसबीएम विजय प्रताप सिंह, हरीश शुक्ला ने भी अपने सुझाव दिए। इस दौरान सरिता शुक्ला, मनीष कुमार पांडेय समेत अन्य उपस्थित रहे।