संवाद न्यूज एजेंसी
मड़िहान। क्षेत्र के बेला जंगल के पास बुधवार को कुत्तों के भौंकने से बेकाबू हुए हाथी ने महावत पर हमला कर दिया। हमले में महावत गंभीर रूप से घायल हो गया।
आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मड़िहान में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मध्य प्रदेश के रीवा जनपद स्थित मैहर निवासी संतोष वर्षों से हाथी का महावत है। वह मालिक के हाथी के साथ गांव-गांव घूमकर दान मांगकर परिवार का भरण-पोषण करता है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह हाथी को लेकर बेला जंगल के पास से गुजर रहा था। तभी अचानक कुछ कुत्ते भौंकते हुए हाथी के पास आ गए। इसी दौरान एक कुत्ता हाथी के पैरों के नीचे आ गया। हाथी ने उसे लात मार दी।
इससे आसपास के कुत्ते और तेज भौंकने लगे। हाथी के बेकाबू होने की आशंका पर संतोष उसे शांत कराने के लिए पास पहुंचा, लेकिन डर और गुस्से में आए हाथी ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। शरीर पर कई जगह चोटें आने के कारण उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।