मिर्जापुर। भीषण गर्मी में ट्रिपिंग और फाल्ट बढ़ने से नगर में बिजली संकट बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को सुबह से ही ट्रिपिंग हो रही थी। उसके बाद दोपहर ढाई बजे बिजली कटी तो शाम आठ बजे तक नहीं आई। सिविल लाइन, रामबाग, वासलीगंज, घंटाघर समेत आसपास गांवों में तीन लाख से ज्यादा आबादी परेशान रही। पांच घंटे से ज्यादा समय तक बिजली गुल रही।
बिजली की कटौती बेतहाशा हो रही है। नगर ही नहीं, सिटी ब्लॉक के धनी पट्टी, वीरशाहपुर, अक्सौली, अर्जुनपुर, खजुरी व अन्य गांवों में भी अंधाधुंध बिजली कटौती हो रही है। मंगलवार को आधे नगर की बिजली गायब रही। पूछताछ करने पर पता चला कि सिविल लाइन विद्युत उपकेंद्र का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था, उसकी मरम्मत की जा रही है। नागरिकों ने पूछा कि गर्मी में ही मरम्मत होती है और गर्मी में ही समस्या का निदान तुरंत नहीं होता आखिर इसका कारण क्या है तो इसका कोई जवाब नहीं मिला। शाम होते ही आधे नगर में अंधेरा छा गया। लोगों के घरों के इन्वर्टर भी जवाब दे गए। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर में फाल्ट आया था, जिसकी मरम्मत कराई जा रही है।