मिर्जापुर। जिले में प्रकाश पर्व पर बिजली की आपूर्ति निर्बाध गति से होती रहेगी। इसके साथ ही नगर पालिका परिषद की ओर से सफाई व अन्य व्यवस्था भी दुरुस्त रखने का प्रयास हो रहा।
विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार यादव ने बताया कि इस समय विद्युतापूर्ति 24 घंटे हो रही है। प्रकाश पर्व पर भी निर्बाध विद्युतापूर्ति की व्यवस्था की गई है। उपकेंद्रों पर कर्मचारी रोस्टर के हिसाब से ड्यूटी करते रहेंगे। साथ ही लाइन स्टाफ को भी तैयार रहने को कहा गया है। नगर में प्रकाश पर्व पर सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है। सफाई कर्मचारी लगातार सफाई कर रहे हैं। साथ ही मंगलवार को जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। न.पा.अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने बताया कि सफाई के साथ ही जलापूर्ति की व्यवस्था भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होती रहेगी। इसमें किसी प्रकार का व्यवधान नहीं होगा।