मिर्जापुर। नगर में मंगलवार को सुबह नौ बजे अचानक विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। लोगों ने सोचा कि बिजली थोड़ी देर में आ जाएगी, लेकिन विद्युत आपूर्ति आठ घंटे बाद शाम लगभग पांच बजे शुरू हुई। बिजली कट जाने से सुबह पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई। इसके चलते लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। इसके अलावा उमस भरी गर्मी में बिजली नहीं आने से भी लोग परेशान रहे।
सामान्य दिनों में बिजली का आना-जाना दिन भर लगा रहता है, लेकिन मंगलवार को सुबह करीब नौ बजे बिजली गई तो शाम पांच बजे ही आई। सुबह ही बिजली कट जाने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई। तमाम लोग पानी के लिए परेशान रहे। उधर, दोपहर में हुई बारिश के बाद गर्मी व उमस बढ़ गई। बिजली नहीं आने के कारण लोगों के इनवर्टर तक बंद हो गए। इसके चलते लोगों को उमस भरी गर्मी में परेशान होना पड़ा। मोबाइल फोन भी चार्ज नहीं हो सके।काफी देर तक बिजली नहीं आने पर जब लोगों ने विद्युत निगम के कार्यालय में संपर्क किया तो बताया गया कि मुंहकुचवा में रेलवे क्रासिंग के पास केबल ध्वस्त हो गया है। उधर, मरम्मत का कार्य किया जा रहा था कि अचानक बारिश शुरू हो गई। इससे मरम्मत कार्य बाधित हो गया।
जब करीब डेढ़ घंटे बाद बारिश बंद हुई तो फिर से मरम्मत कार्य शुरू किया गया। इस बीच पूरे दिन बिजली व पानी को लेकर हाहाकार मचा रहा। पूरे दिन मुहल्लों में जनरेटर चलते रहे। वहीं कई लोगों को हैंडपंप व कुएं से पानी निकालते देखा गया। शाम करीब पांच बजे बिजली आई, तब जाकर लोगों को राहत मिली। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि केबल ध्वस्त हो गया था। दो केबल थे, उनमें से एक तो बदल दिया गया था लेकिन दूसरे को बदलते समय बारिश शुरू हो गई। इसके चलते मरम्मत कार्य में अधिक समय लग गया। उन्होंने कहा कि नगर में विद्युत आपूर्ति अब सामान्य है। उधर, मुंहकुचवा रेलवे क्रासिंग के पास ध्वस्त हुई केबल को बदला गया तो कुछ ही देर बार लालडिग्गी उपकेंद्र की केबल ध्वस्त हो गई। अधिशासी अभियंता ने बताया कि मरम्मत का काम शुरू है। जल्द ही उसे बदल दिया जाएगा।