मिर्जापुर। नगर में इन दिनों मोबाइल ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति की जा रही है। इससे लोगों को बिजली तो मिल रही है, लेकिन समस्या भी हो रही है।
आमतौर पर मोबाइल ट्रांसफार्मर का उपयोग आकस्मिक प्रयोग के लिए किया जाता है। यदि कोई ट्रांसफार्मर जल गया और उसकी जगह दूसरे ट्रांसफार्मर की उपलब्धता नहीं हुई तो उस स्थिति में मोबाइल ट्रांसफार्मर का प्रयोग किया जाता है। इस समय ठंड का मौसम है। बिजली की उतनी समस्या नहीं है, लेकिन नगर के तिवराने टोला, इमामबाड़ा, त्रिमोहानी आदि जगहों पर मोबाइल ट्रांसफार्मर से ही विद्युत आपूर्ति की जा रही है। इससे कभी-कभी जाम की भी समस्या हो जाती है। नगर की सड़कें वैसे ही संकरी हैं। उसमें पटरी पर खड़े मोबाइल ट्रांसफार्मर आवागमन में अवरोध उत्पन्न करते हैं। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि नगर में इस समय ऐसे 11 मोबाइल ट्रांसफार्मर हैं, जिनका उपयोग आकस्मिक परिस्थितियों में किया जाता है। जहां लगे हैं, वहां के ट्रांसफार्मर ठीक होने के बाद उनको वहां से हटा लिया जाएगा।