अदलहाट। विद्युत वितरण में विभाग की निष्क्रियता व मनमाने रवैए से अदलहाट बाजार सहित ग्रामीण क्षेत्रों के कनेक्शनधारी उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है। समय से बिजली न मिलने से किसानों और व्यापारियों के समक्ष रोजी रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है। बिजली कब आएगी और काट दी जाएगी इसका लेखाजोखा भी विभाग के पास नहीं। समस्या को लेकर नागरिकों की ओर से किए गए धरना व प्रदर्शन के बावजूद विभाग पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।
क्षेत्र में दिन-रात छाए बिजली संकट को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति के आदेश के बावजूद आठ-दस घंटे भी बिजली मिलना मुश्किल हो जा रही है। राज नारायण सिंह, राम जी सिंह, प्रमोद कुमार, प्रभात सिंह, सत्येंद्र सिंह, गुलाब सिंह, अनमोल सिंह, जटा शंकर सिंह, प्यारे लाल, राम भरोसे सिंह, कमला शंकर, पप्पू पांडेय सहित अन्य लोगों ने विभागीय उच्चाधिकारियों सहित जिलाधिकारी से अघोषित बिजली कटौती बंद कराते हुए गांवो को प्रतिदिन कम से कम 18 घंटे विद्युत उपलब्ध कराने की मांग की है।