चील्ह। थाना क्षेत्र में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं दो बालक झुलस गए। झुलसे बालकों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चील्ह थाना क्षेत्र के मझिगवां गांव निवासी मेवालाल सोनकर (50) और अंशु सोनकर (10) पुत्र शंभु सोनकर रविवार की सुबह तेज बारिश के दौरान बिजली गिरने से चपेट में आकर झुलस गए। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों को मंडलीय अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टर ने मेवालाल को मृत घोषित कर दिया। अंशु सोनकर को परिजनों ने मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मेवालाल का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मेवालाल की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं दूसरी घटना चेतगंज चौकी क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव की है। गांव निवासी पारस सरोज का पुत्र सत्यम (8) मझरा के सिवान में बकरी चराने गया था। इसी दौरान बिजली गिरने से वह झुलस गया, उसकी बकरी मर गई। सत्यम को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।