मिर्जापुर से भदोही गए साढ़े आठ सौ निर्वाचन कार्मिक
मिर्जापुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत संत रविदास नगर भदोही में 15 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए बुधवार को जिले से साढ़े आठ सौ मतदान अधिकारी भदोही भेजे गए।
इन निर्वाचन कार्मिकों की बस को मुख्य विकास अधिकारी व प्रभारी अधिकारी कार्मिक अविनाश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भदोही में निर्वाचन कार्मिकों की कमी के चलते जिले से इन निर्वाचन कार्मिकों को भेजा गया है। इसमें अधिकतर मतदान अधिकारी तृतीय पद के कार्मिक हैं। उनके साथ ही अधिकारियों को भी भेजा गया है। इसमें कई खंड शिक्षाधिकारी व अन्य थे। सीडीओ ने मतदान कार्मिकों से कहा कि वे भदोही में पंचायत चुनाव में निष्पक्ष मतदान कराने में मदद करें। इस अवसर पर अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। इन कार्मिकों को बुधवार की सुबह बथुआ स्थित राजकीय पालिटेक्निक से रवाना किया गया।