रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देते डा. श्रीकांत सिंह।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में मंडलीय अस्पताल के रक्तकोष में रक्तदान के लिए आठ महादानी पहुंचे।
ब्लड बैंक में शिविर का समय सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक था। लेकिन शुभम सिंह आठ बजे ब्लड बैंक खुलते ही पहुंच गए। वासलीगंज में सौंदर्य प्रसाधन की दूकान चलाने वाले आमिर हक ने भी दूकान खोलने से पहले सामाजिक हक अदा किया। कहा अच्छा लगता है जब किसी की जरूरत पर काम आता हूं। खून की कमी से पत्नी को खोने वाले गरीब सामना पार्टी के अनवर अली सागर ने लगातार सातवीं बार रक्तदान कर लोगों को संदेश देने की कोशिश की कि रक्त अमूल्य है। मुकेरी बाजार के आयुष जायसवाल को अखबार पढ़ कर रक्तदान की प्रेरणा मिली। पिछली बार रक्तकोष में रक्त रखने का स्थान न खाली होने के कारण उन्हें मायूस लौटना पड़ा था। जबकि उनके मित्र मिजाज खान ब्लड प्रेशर कम होने से रक्तदान नहीं कर सके। धुंधी कटरा के निवासी शिव कुमार सेठ हमेशा की तरह इस बार भी रक्तदान के लिए पहुंचे। मवइया के मिश्रीलाल इंटर कॉलेज के गणित अध्यापक नरेन्द्र कुमार शर्मा ने प्रिसिंपल से दो पीरियड खाली होने पर एक घंटे का अवकाश मांग कर रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्ष उन्होंने एयरफोर्स में गुजारे थे।