मिर्जापुर। जिले में शुक्रवार को ईद धूमधाम से मनाई गई। हालांकि मस्जिदों में सामूहिक तौर पर नमाज पढ़ने की मनाही रही। मस्जिदों में निर्धारित पांच लोगों ने ही नमाज अदा की। लोगों से कहा गया कि वे अपने घरों में ही नमाज पढ़ें।
रमजान के एक माह के रोजे के बाद शुक्रवार को ईद का पर्व धूमधाम से मनाया गया। ध्वनि विस्तारक यंत्र से सभी को सूचित किया गया कि वे मस्जिद में नमाज पढ़ने न आएं, घरों पर ही नमाज अदा करें। आम लोगों ने भी एहतियातन घरों में ही ईद की नमाज पढ़ी। नमाज के बाद सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए एक दूसरे को ईद की बधाई दी। बच्चे घर से बाहर न जा पाने की वजह से काफी मायूस रहे। शुक्रवार को बाजार में कुछ रौनक रही। कुछ लोग एक दूसरे के घर गए लेकिन अधिकांश लोगों ने इससे परहेज किया। ईद पर अधिकांश लोगों ने जकात निकाला। गरीबों व जरूरतमंदों को खाने पीने का सामान व वस्त्र आदि का वितरण किया। बच्चों को भी कपड़े आदि दिए गए।