जिले में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्यौहार शांति और सौहार्दपूूर्ण वातावरण में मनाया गया। सुबह ईदगाह और मस्जिदों में ईद की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। खाने-खिलाने और खुशियां मनाने का दौर देर रात तक चलता रहा। सुबह ही नए-नए परिधान धारण कर लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और मुल्क में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
शनिवार की अल-सुबह से ही लोग नए-नए परिधानों में ईदगाह और मस्जिदों पर पहुंचने लगे थे, जहां अपने निर्धारित समय से ईद की नमाज अदा कराई गई। नगर क्षेत्र के इमामबाड़ा स्थित ईदगाह के साथ शहर कोतवाली क्षेत्र के 22, कटरा कोतवाली क्षेत्र के 33 एवं देहात कोतवाली क्षेत्र के 22 मस्जिदों में अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा की गई। ईद के मद्देनजर नगर के ईदगाह और मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई के बेहतर इंतजाम किए गए थे। नगर के इमामबाड़ा स्थित ईदगाह पर शनिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे ईदगाह के इमाम मौलाना हाफिज निसार अहमद ने ईद की नमाज अदा कराई और अपने शहर और मुल्क में अमन-शांति के लिए दुआ मांगी। इसी क्रम में नगर के वासलीगंज स्थित गंगाबीवी मस्जिद सहित गोसांई तालाब, आर्यकन्या मार्ग, घास की गली, घोड़े शहीद, पक्की सरांय, सुंदरघाट, गफूर खां गली, कुरैश नगर, रामबाग, अजीज इमाम गली, नारघाट, गजियाटोला, त्रिमोहानी, भटवा की पोखरी, रमईपट्टी सहित कई अन्य इलाकों में स्थित मस्जिदों में अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा की गई। ईद पर घरों में तरह-तरह की लजीज सेवईं के साथ ही दही बड़ा और छोला सहित अन्य व्यंजनों के खाने-खिलाने का दौर अनवरत चलता रहा। ईद के दिन लगातार बिजली आपूर्ति किए जाने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और नगर के इमामबाड़ा सहित कई मुहल्लों में मेले जैैैसा माहौल दिखा। ईद पर सुबह से ही बच्चे नए-नए परिधान पहनकर खुशी से उछल रहे थे और अपने बड़ों से ईदी लेने में जुटे रहे। ईद पर्व पर ईदगाह और मस्जिद परिसर में सुरक्षा की चाक-चौबंद इंतजाम की गई थी। रंग-बिरंगे झालरों से नगर क्षेत्र में स्थित समस्त मस्जिदों की आकर्षक सजावट देखते ही बन रही थी।