पहाड़ी ब्लाक के तीन ग्राम पंचायताें का नाम सामाजिक और आर्थिक सर्वे सूची में न होने से पात्राें को सरकार की योजनाआें का लाभ नहीं मिल पा रहा है। 46 ग्राम पंचायताें वाले ब्लाक के तीन ग्राम पंचायत, मनोहरपुर, थानापुर व नेवढ़िया का 2012-13 में बनाई गई सर्वे सूची ऑनलाइन न होने के कारण सरकार की योजनाआें का लाभ गरीबों को नहीं मिल पा रहा है।
ग्राम पंचायताें की चयनित सूची नहीं बनने से तीनों ग्राम पंचायताें के गरीब पात्राें तक आवास, वृद्धा, विधवा, विकलांग पेंशन, राशन कार्ड सहित कई अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लाभ नहीं मिल पा रहे हैं। मनोहरपुर के ग्राम प्रधान सिद्धनाथ यादव, थानापुर के ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रसाद प्रजापति व नेवढ़ियां के ग्राम प्रधान शैला देवी ने बताया कि वर्ष 2012-13 में सरकार द्वारा आर्थिक सर्वे की सूची बनाई गई थी और 46 ग्राम पंचायताें में से मात्र तीन ग्राम पंचायताें की डाटा फीडिंग नहीं हो पाई थी।
खंड विकास अधिकारी चंदनदेव पांडेय ने बताया कि 21 अप्रैल को ब्लाक पर जो आर्थिक सर्वे सूची आई है, उनमें तीन ग्राम पंचायताें का उल्लेख नहीं है। इस संबंध में लिखित रूप से विभाग को अवगत भी कराया गया है और यह देखा जा रहा है कि गड़बड़ी कहां से हुई है, जांच चल रही है डाटा फीडिंग को जल्द ही दुरुस्त करा दिया जाएगा।