मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के बदली कटरा स्थित एक्सिस बैंक से मंगलवार की दोपहर 50 लाख रुपये की उचक्कागिरी का पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। रुपयों से भरा बैग लेकर उचक्का बड़े ही आराम से बैंक के बाहर निकल गया और सड़क पार कर काफी दूर तक पैदल ही जाता दिखाई दिया। मिली भगत या घोर लापरवाही, कारण जो भी हो पर इस घटना ने पुलिसिया तंत्र और पूरी व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। सीसी टीवी फुटेज में जिस तरह से कम उम्र का लड़का बैंक से बैग लेकर जाता दिखाई दे रहा है। इसे सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक माना जा रहा है।
50 लाख रुपये से भरा बैग चोरी होने के मामले में छानबीन कर रही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला। इसमें बैंक के अंदर दो लोग घुसते दिखाई दे रहे हैं। एक युवक सफेद रंग की शर्ट में कैश वैन के बैंक के पास आने के बाद पहुंचा है। दूसरा उचक्का जो लाल रंग की शर्ट पहने हैं। वह पहले ही बैंक के अंदर प्रवेश कर चुका था। कैश वैन का कस्टोडियन जब पैसा जमा कर रहा था तो दोनों कैश काउंटर के आस-पास मंडरा रहे थे। मौका पाकर लाल शर्ट पहना उचक्का बैग लेकर बैंक से चलता बना। सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि उचक्का हाथ में बैग लिए आराम से बाहर निकल रहा है और फिर सड़क पार कर, दूर तक पैदल जा रहा है। वह काफी दूर जाकर अपने तीसरे साथी के बाइक पर बैठकर फरार हुआ। उसे देख कर लग रहा है है कि उसकी उम्र 18 वर्ष से कम ही होगी। उसके जाने के बाद सफेद रंग का शर्ट पहने युवक भी बाहर आता है। उसकी बाइक बैंक के बाहर खड़ी थी। वह बैंक के बाहर खड़ी अपनी बाइक पर बैठकर चला जाता है। बैग लेकर गया युवक कैमरे से दूर बाइक खड़ा किया था। जहां उसका तीसरा साथी इंतजार कर रहा था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए तीनों की तलाश कर रही है, पर पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती कम उम्र के लड़कों का इस घटना को अंजाम देना है।
.......................................
उचक्कों की हुई शिनाख्त, छत्तीसगढ़ रवाना हुई टीम
सीसी टीवी फुटेज से पुलिस ने की शिनाख्त, आई थी पूरी गैंग
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के बदली कटरा स्थित एक्सिस बैंक से 50 लाख रुपये से भरा बैग लेकर भागने वाले उचक्कों की पुलिस ने पहचान कर ली है। सीसीटीवी फुटेज से पहचान करने के बाद कटरा कोतवाल और स्वाट टीम उचक्कों को पकड़ने के लिए छत्तीसगढ़ रवाना हो गई है। अब देखना होगा कि टीम पैसा लेकर वापस लौटती है, या फिर उनके हाथ खाली होंगे।
50 लाख रुपये लेकर भागने के बाद पुलिस ने बैंक के सीसी टीवी फुटेज के बाद आस-पास के अन्य कैमरों के जरिए उचक्कों के बारे में तहकीकात किया। कई कैमरों की छानबीन के बाद पुलिस ने गैंग की पहचान की। गैंग में कई लोग आए थे। जिन्होंने काफी पहले से रेकी किया था। इसके बाद घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि गैंग के सदस्य दूसरे प्रांत से आए थे। इस गैंग के सदस्य बंगाल, बिहार, राजस्थान और छत्तीसगढ़ आदि प्रांतों के रहने वाले हैं। एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि सीसी कैमरों की छानबीन किया गया। छानबीन करने के बाद पता चला कि ये गैंग बाहर का है। गैंग जिले में आकर स्टेशन, बस अड्डा आदि पर रुकता है। इनके गैंग के लोग नगर में फैल कर नजर रखते है कि कौन सी कैश वैन कहां जा रही है। सारी जानकारी लेने के बाद सभी इकट्ठा होते हैं और घटना को अंजाम देते है। तीनों युवकों की पहचान हो गई है। लाल रंग की टीशर्ट वाला लड़का कम उम्र का लग रहा है। इन सभी को पकड़ने के लिए कटरा कोतवाल और स्वाट की 10 सदस्यीय टीम छत्तीसगढ़ रवाना हो गई है। जल्द ही इनको पकड़कर पैसा बरामद किया जाएगा।
......................................
बैंक में आए अन्य लोगों से की गई पूछताछ
मिर्जापुर। जिस समय एक्सिस बैंक में रेडियंट कैश मैनेजमेंट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के लोग पैसा जमा कर रहे थे। उस समय उचक्कों कें साथ अन्य लोग भी कैश काउंटर के आस-पास खड़े थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद वहां मौजूद अन्य लोगों व संदिग्ध को पूछताछ के लिए बुलाया। छह से सात लोगों से पूछताछ के बाद उनको छोड़ा गया।
...........................................
हत्याकांड का भी नहीं हो सका खुलासा
मिर्जापुर। नगर के पाश इलाके में गोली मारकर हत्याकांड मामले में भी अभी तक पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। सिंचाई विभाग के चालक मूलचंद पाल की सिविल लाइन में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने छानबीन की। सीसी कैमरा खराब होने के कारण बाइक सवार बदमाशों का पता नहीं चल सका। जांच में जुटी पुलिस के मुताबिक हत्या में ठेकेदारी मुख्य कारण हो सकता है, पर अभी तक पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है।