मिर्जापुर। लोकसभा चुनाव में मिर्जापुर सीट के लिए नामांकन की प्रक्रिया सात मई को शुरू होगी। नामांकन जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय कक्ष में होगा। नामांकन की प्रक्रिया 14 मई तक चलेगी। इस बीच नामांकन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है।
बुधवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई। उधर, नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार तथा आसपास बैरिकेडिंग के लिए बल्लियां लगाने के बाबत गड्ढे खोदने का काम भी शुरू कर दिया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर मजिस्ट्रेट लाल बहादुर सिंह को संपूर्ण नामांकन क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कलेक्ट्रेट परिसर की जिम्मेदारी डिप्टी कलेक्टर सौम्या मिश्रा को दी गई है। इसी प्रकार गेट नंबर एक की जिम्मेदारी डिप्टी कलेक्टर शरद चौधरी को दी गई है। जिला अस्पताल के बैरियर पर नायब तहसीलदार बिंदु नंदन सिंह, मोर्चाघर पार्किंग स्थल से पेट्रोल पंप तिराहा सिटी क्लब की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार लालचंद्र राम को दी गई है। इसी प्रकार आबकारी तिराहा बैरियर की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार राहुल मिश्रा को दी गई है।