80 रुपये की थाली अब 120 रुपये में, 120 वाली स्पेशल थाली की कीमत अब 150 रुपये
मिर्जापुर। व्यावसायिक सिलिंडर के दाम बढ़ने का असर अब जिले के होटल और ढाबों के कारोबार पर साफ दिखने लगा है। गैस महंगी होते ही अधिकांश होटल संचालकों ने खाने की थालियों के दाम 30 रुपये तक बढ़ा दिए हैं। पहले 80 रुपये में मिलने वाली साधारण थाली अब 100 से 120 रुपये तक पहुंच गई है।
नगर से लेकर विंध्याचल तक लगभग 250 से ऊपर होटल, ढाबा और जलपान गृह मौजूद हैं। संचालकों का कहना है कि गैस के बढ़ते दामों से उनकी लागत लगातार बढ़ रही है। प्रति थाली करीब 20 रुपये तक अतिरिक्त खर्च हो रहे हैं। हालांकि ग्राहकों की जेब को देखते हुए भोजन की थाली में सीमित बढ़ोतरी ही की गई है। विंध्याचल में बंगाली चौराहा के होटल संचालक अभिषेक मिश्रा ने बताया कि पहले 80 से 90 रुपये में थाली उपलब्ध कराई जाती थी, लेकिन महंगे सिलिंडर के कारण अब 20 से 30 रुपये प्रति थाली कीमत बढ़ानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि इससे अधिक दाम बढ़ाए गए तो ग्राहक दूसरे विकल्प तलाशने लगेंगे। होटल संचालक अरुण भट्ट और महेश सोनी ने बताया कि गैस सिलिंडर के दाम में 993 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है।
इनसेट
80 रुपये की साधारण थाली अब 120 में
होटल संचालकों ने बताया कि पहले 80 रुपये की साधारण थाली में रोटी, चावल, दाल, सब्जी और सलाद मिलता था, अब उसी थाली की कीमत 120 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं 100 से 120 रुपये वाली थाली, इसमें रायता और मिठाई शामिल रहती थी, अब इसकी कीमत 150 रुपये तक पहुंच गई है।
छोटे कप में नहीं बड़े कप में बेची जा रही चाय
नगर के वासलीगंज निवासी जलपान गृह संचालक राहुल गुप्ता ने बताया कि पहले पांच रुपये में छोटी चाय बेची जाती रही अब छोटी चाय की कुल्हड़ बंद कर साईज बढ़ाकर उसे 10 रुपये में बेचा जा रहा है।